लापरवाही नहीं चलेगी: कलेक्टर ने खुदाई कर जांच की, गुणवत्ताहीन कार्य पर चेतावनी भी दी

भास्कर न्यूज | कवर्धा सोमवार को शहर के ठाकुर देव चौक से हाईटेक बस स्टैंड तक 11 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे 4.20 किमी लंबी सड़क निर्माण कार्य स्थल का कलेक्टर गोपाल वर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क, नाली निर्माण की गुणवत्ता की जांच स्वयं सब्बल से खुदाई कर निर्माण सामग्री की मजबूती परखी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने एक टीम गठित कर कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जिले का प्रमुख नगर कवर्धा अब समृद्ध कवर्धा-सुव्यवस्थित कवर्धा मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। शहर को सुव्यवस्थित, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं में ठाकुरदेव चौक से हाईटेक बस स्टैंड तक चौड़ी और पक्की सड़क निर्माण एक महत्वपूर्ण कड़ी है। बारिश से पहले सभी नालियों को बनाएं कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। विशेष रूप से बारिश से पहले सभी नालियों के निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि शहर में जलभराव की समस्या न हो। सभी निर्माण कार्य जनहित से जुड़े हैं और इनकी गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध पूर्ति से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें और स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को अमल में लाएं। बता दे कि शहर के विकास कार्य को लेकर लोगों द्वारा मांग किया जा रहा था। लोगों की मांग के बाद विकास कार्य शुरू किए गए है। आने वाले समय में भी शहर के कई प्रोजेक्ट पर काम किए जाएंगे। यातायात-व्यापार को मिलेगा नया आयाम मौके पर अफसरों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के पूर्ण होने से शहरवासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही हाईटेक बस स्टैंड तक सुगम पहुंच भी सुनिश्चित होगी। यह मार्ग स्कूली छात्रों, व्यापारियों, यात्रियों और आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से न केवल शहर का यातायात तंत्र सुदृढ़ होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य शहरों से जुड़ने वाले मार्गों की प्रभावशीलता भी बढ़ेगी। इस दौरान नगर पालिका व जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *