पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के पकलो गांव में एक भतीजे ने अपनी चाची की हत्या कर दी। मृतका की पहचान मिसिल सोरेन की 45 वर्षीय पत्नी सुरजु मुर्मू के रूप में हुई है। आरोपी दुरबीन सोरेन ने वारदात को तब अंजाम दिया, जब गांव के अधिकतर लोग पास में चल रहे फुटबॉल मैच देखने गए थे। उसने इस मौके का फायदा उठाते हुए सुरजु मुर्मू के घर में घुसकर उनका गला दबा दिया। दुरबीन बदला लेने की फिराक में था घटना की पृष्ठभूमि में जादू-टोना का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, दुरबीन का बेटा प्रमोद सोरेन की 4-5 महीने पहले अचानक मौत हो गई थी। दुरबीन को शक था कि उसकी चाची ने जादू-टोना करके उसके बेटे को मारा है। इस मुद्दे पर पहले गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन दुरबीन बदला लेने की फिराक में था। थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगड़ा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पाकुड़ सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


