कपूरथला सीआईए स्टाफ को बड़ी सफलता मिली है। आनंदपुर साहिब खालसा एकेडमी लक्खन कला के पास से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान तर्षबीर सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर के गांव जल्लूवाल ब्यास का रहने वाला है। सीआईए स्टाफ इंचार्ज जरनैल सिंह ने बताया कि एएसआई केवल सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान एकेडमी के पास एक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। भागने की कोशिश में वह स्कूटी से गिर गया और पैदल भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। तलाशी में आरोपी के पास से 130 ग्राम हेरोइन और 70 रुपए बरामद हुए। आरोपी पीबी02ईजी-0153 नंबर की स्कूटी पर सवार था। पुलिस ने थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


