आज कांग्रेस भवन से डीसी कार्यालय तक न्याय मार्च
संविधान के शिल्पकार बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा अपमान किए जाने के खिलाफ मंगलवार को दोपहर एक बजे कांग्रेस भवन से डीसी ऑफिस तक आंबेडकर न्याय मार्च निकाला जाएगा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि न्याय मार्च का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश करेंगे। न्याय मार्च के बाद रांची डीसी काने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की जाएगी। इससे पूर्व केशव महतो कमलेश दोपहर 12:15 बजे डोरंडा स्थित डॉ. आंबेडकर चौक पर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने सोमवार को राज्य के सभी प्रमंडलों और जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस किए। इसका आयोजन गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान किए जाने को लेकर किया गया था। कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि भाजपा आैर आरएसएस संविधान पर आक्रमण कर बहुजनों के अधिकार व सम्मान के बीच दीवार बना रहे हैं, ताकि वे अपने अधिकार से वंचित हो जाएं। कांग्रेस भाजपा के मनसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि 18वीं लोकसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा द्वारा बाबा साहब आंबेडकर के अपमान के लिए देश के संसदीय इतिहास में दर्ज हो गया है। कांग्रेस इस अपमान को लेकर अमित शाह के इस्तीफे की मांग पर अटल है। जब तक अमित शाह इस्तीफा नहीं देंगे, हम विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। संवाददाता सम्मेलन में राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुजनी, लाल किशोरनाथ शाहदेव, सोनाल शांति, खुर्शीद हसन रूमी, जगदीश साहू आदि उपस्थित थे।


