हसौद | हसौद संकुल के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय धमनी की छात्रा आशु खूंटे ने राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा(एनएमएमएसई) में शानदार प्रदर्शन किया है। इस परीक्षा के हाल ही में घोषित परिणाम में आशु खूंटे पिता गोविंद खूंटे का चयन हुआ है। इस योजना के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर महीने 1000 रुपए की छात्रवृत्ति मिलेगी। सालाना यह राशि 12,000 रुपये होगी। उच्च शिक्षा की परीक्षा में यह राशि दोगुनी हो जाएगी। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है। कई माता-पिता जो आर्थिक कारणों से बच्चों को बाहर पढ़ाई के लिए नहीं भेज पाते, उनके लिए यह एक बड़ी राहत है। विद्यालय के शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े, मनीष दास बैरागी, संजय कुमार तंजय और हेरोन कुमार भारद्वाज के मार्गदर्शन में आशु ने यह सफलता हासिल की। शिक्षक बच्चों की अतिरिक्त कक्षाएं लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं। जगजीवन प्रसाद जांगड़े लगातार बच्चों के हित में काम कर रहे हैं। सक्ती जिले से कुल 316 छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से 303 उपस्थित हुए और 162 सफल हुए। चयनित 49 छात्रों में आशु खूंटे भी शामिल हैं। उन्होंने एनएमएमएसई परीक्षा में 93 अंक प्राप्त कर जिले में 14वां स्थान हासिल किया।


