भास्कर न्यूज | राजपुर चौकी बारियों पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई की। झारखंड से लाई जा रही मवेशियों की तस्करी को जंगल में पकड़ा। मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ स्थानीय लोग झारखंड के तस्करों से मिलकर मवेशियों को बूचड़खाने भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के बाद चौकी प्रभारी बारियों टीम और गवाहों के साथ ग्राम आरा के गागर नदी किनारे जंगल क्षेत्र पहुंचे। वहां घेराबंदी की गई। मौके पर एक सफेद पिकअप वाहन जेएच 03 एएस 4025 मिला। उसमें एक भैंस और तीन गायों को बांधकर लादा गया था। पुलिस को देखते ही वाहन चालक और अन्य संदिग्ध जंगल और पहाड़ी की ओर भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से मवेशियों के मुंह और पैरों की रस्सियां खोली गईं। पुलिस ने मौके पर ही देहाती नालसी दर्ज की। पिकअप वाहन और मवेशियों को जब्त कर लिया गया। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) और कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।


