शिविर में 749 आवेदन का निराकरण कर हितग्राहियों को श्रमिक कार्ड वितरण किए

भास्कर न्यूज |महासमुंद नगर पालिका महासमुंद क्षेत्र का तीसरा समाधान शिविर का आयोजन बुधवार वार्ड 15 टाउन हॉल में किया गया। इस शिविर में 10 वार्डों के नागरिकों ने भाग लिया और विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। महासमुंद नगरीय निकाय में कुल 749 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका निराकरण किया गया। संबंधित विभागों के प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। शिविर में हितग्राही को श्रमिक कार्ड वितरण किया गया व गोद भराई और अन्नप्राशन रस्म विधि विधान से किया गया। मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ पात्र अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वयं जनसमूहों के बीच जाकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं और सभी वर्गों के हित को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्लस सर्वे कराया गया है ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना से वंचित न रह जाए और सभी को पक्का मकान मिल सके। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि महतारी वंदन योजना का लाभ अब नवविवाहित बहुओं को भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब सरकार ने सड़क दुर्घटना के पीडितों को राहत देने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपए तक उपचार के लिए पात्रता के लिए नियम लागू किया है। सिन्हा ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारें वंचित व अंतिम पंक्ति के व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित कर रही हैं। उन्होंने महासमुंद जिले के प्रत्येक गांव को विकसित करने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का सपना अवश्य पूरा होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और योजनाओं का लाभ उठाएं। इसी तरह महासमुंद ब्लाक के ग्राम पंचायत पाली पूर्व माध्यमिक शाला व पिथौरा ब्लाक के ग्राम पंचायत सपोस गुरुघासीदास खेल मैदान में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर हरबंश सिंह ढिल्लो, पीयूष साहू, राहुल आवड़े, माखन पटेल, शुभ्रा शर्मा, चंद्रशेखर बेलदार, माधुरी यदु, धनेश्वरी सोनवानी, गुलशन साहू, जय देवांगन, महेन्द्र सिक्का, मुन्ना साहू, हनीश बग्गा, गोविंद ठाकुर व सीएमओ अशोक सलामे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। गोद भराई की रस्म और नन्हें बालक का अन्नप्राशन किया शिविर में महिला व बाल विकास विभाग के स्टॉल में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म व नन्हें बालक का अन्नप्राशन की रस्म पूरे विधि विधान से पूर्ण किया। प्राथमिक शाला कुम्हारपारा में कक्षा 4 थी में अध्ययनरत दिव्यांग डॉली नेताम को श्रवण यंत्र व उच्च प्राथमिक शाला स्टेशनपारा में कक्षा 8 वीं में अध्ययनरत दिव्यांग पोखराज को एमआर किट प्रदान किया गया। साथ ही हसीदा देवार को श्रमिक कार्ड दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *