कोरिया जिले में एक ओर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत जिले की गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, दूसरी ओर मनेंद्रगढ़ विकासखंड के ग्राम चनंवारीडांड में खराब पड़े हैंडपंप को दुरुस्त कर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा प्रदान की गई। मातृत्व सुरक्षा की दिशा में बड़ी पहल कोरिया जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन किया गया। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना, सोनहत और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में यह कार्यक्रम एक साथ आयोजित हुआ। अभियान में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और परामर्श दिया गया। इस बार उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष सूची बनाई गई। उनकी प्रसव तिथि चिन्हित कर उन्नत जांच और इलाज की सुविधा प्रदान की गई। जिला कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोई भी उच्च जोखिम वाली गर्भवती माता सेवाओं से वंचित न रहे। राज्य स्तरीय स्वास्थ्य टीम ने कार्यक्रम की निगरानी की। जिला स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की गई। मितानिनों की मदद से उच्च जोखिम वाले मामलों की पहचान कर उन्हें केंद्र तक लाया गया। कोरिया जिले में सोनोग्राफी की सुविधा जिला चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत में नि:शुल्क उपलब्ध है। अभियान में सभी गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, शुगर, वजन और टीकाकरण की जांच की गई। यह आयोजन जिले में मातृ मृत्यु दर को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हैंडपंप मरम्मत कर ग्रामीणों को दिया जल जीवन वहीं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को दूर करने के लिए तत्परता दिखाई। मनेंद्रगढ़ विकासखंड के चनंवारीडांड गांव में वर्षों से बंद पड़े हैंडपंप की मरम्मत कर उसे फिर से चालू किया गया। कार्यपालन अभियंता ओंकार सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अन्य गांवों में भी बंद हैंडपंपों को ठीक किया जा रहा है। मरम्मत के बाद ग्रामवासियों को तत्काल पानी की सुविधा मिलने लगी, जिससे गर्मी में जल संकट से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।


