अमृतसर सिटी| क्वींस रोड की कार एसेसरी मार्केट में शौचालय की सुविधा नहीं है। दुकानदारों, मजदूरों और ग्राहकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। मार्केट प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया, मार्केट को बने कई साल हो गए, लेकिन आज तक एक भी सार्वजनिक बाथरूम नहीं बना। लोगों को बाथरूम के लिए दूर जाना पड़ता है। उन्होंने बताया, सामने अलेक्जेंड्रा स्कूल है। कई लोग स्कूल की दीवार के पास खुले में बाथरूम करते हैं। यह शर्मनाक स्थिति है। स्कूल की लड़कियां जब यहां से गुजरती हैं, तो मुंह फेरकर निकलती हैं। उनके साथ आने वाली माताएं और बहनें भी असहज महसूस करती हैं। यह रोज का दृश्य बन गया है। प्रदीप कुमार ने कहा कि पूरे क्वींस रोड पर एक भी सार्वजनिक बाथरूम नहीं है। बीआरटीएस प्रोजेक्ट की आड़ में लोग स्कूल की दीवार के पास ही बाथरूम करते दिखते हैं। मार्केट में कई दुकानें हैं। हर दुकान में मजदूर काम करते हैं। ग्राहक भी आते हैं। सभी को इस समस्या से जूझना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन, अमृतसर कॉरपोरेशन और मौजूदा सरकार से मांग की कि क्वींस रोड पर जल्द से जल्द सार्वजनिक बाथरूम बनाया जाए। ताकि लोग खुले में बाथरूम करने को मजबूर न हों और स्कूल के बच्चों को भी परेशानी न हो। इस मौके पर प्रधान प्रदीप कुमार, पवन कुमार, विशाल अरोड़ा, गुरप्रीत सिंह, मनमीत सिंह भाटिया, सविंदर सिंह, दविंदर सिंह और अन्य दुकानदार व लेबर कर्मी मौजूद रहे।


