पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के सीनियर लीडर ननकीराम कंवर ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिना पैसे का कोई काम नहीं हो रहा है, हर जगह भ्रष्टाचार है। सरकार में BJP के कार्यकर्ता खुश नहीं है। जब मैं गृहमंत्री था, तब नक्सलियों का खात्मा हो जाता। लेकिन, तब केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की। केंद्र सरकार नक्सलियों से मिली हुई थी और उनकी मदद कर रहे थे। सोमवार को बिलासपुर पहुंचे पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का कामकाज ठीक है। लेकिन, छत्तीसगढ़ की सरकार फेल है। जय श्रीराम का नारा लगाते हुए उन्होंने कहा कि हमारा एक भी कार्यकर्ता खुश नहीं है। बिना पैसे काम नहीं हो रहा, हर जगह है भ्रष्टाचार
उन्होंने सरकार की पोल खोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह से फेल है। भाजपा के कार्यकर्ता इसलिए नाखुश हैं। क्योंकि, बिना पैसे कोई काम नहीं हो रहा है। हर जगह पर भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है कि कहीं भी बिना पैसे का काम नहीं हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री पर लगाए चुनाव हराने का आरोप
सीनियर भाजपा नेता कंवर ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हमला बोला है। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने पार्टी के अंदर मेरे खिलाफ साजिश रची। पार्टी के लोगों को हराने का काम किया है। मुझे तीन बार हराने की कोशिश की गई। जिसके बाद मुझे चुनाव में हराने के लिए काम किया। मैं कहीं भी रहूं, जनता और कार्यकर्ता की काम करता रहूंगा। नक्सल मुद्दे पर पूर्ववर्ती केंद्र को घेरा
पूर्व गृह मंत्री कंवर ने कहा कि जब मैं गृह मंत्री था, तभी तय कर लिया था कि प्रदेश में नक्सलियों का सफाया करना है। लेकिन, उस वक्त केंद्र में जो सरकार थी, उसने न तो फोर्स भेजा, न आर्थिक मदद दी। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय केंद्र सरकार नक्सलियों से मिली हुई थी।


