धौलपुर जिले की पंचायत समिति परिसर बसेड़ी में प्रशासन गांवों की ओर अभियान के अंतर्गत स्थानीय लोगों ने कस्बे की विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम से मुलाकात की। बसेड़ी एसडीएम अनिल कुमार मीणा से मुलाकात कर कस्बे के लोगों ने जन समस्याओं को लेकर उन्हें एक ज्ञापन दिया है। स्थानीय निवासी सुधीर मित्तल ने ज्ञापन देते हुए उपखंड मुख्यालय बसेड़ी पर रोडवेज बस स्टैंड शुरू करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि जगनेर बायपास मार्ग पर सवारियां बस का इंतजार करती रहती हैं। जिसको लेकर बसेड़ी में रोडवेज बस स्टैंड शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई हैं। एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने बताया कि बसेड़ी कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के साथ रामायण कालीन रमदा को संरक्षित क्षेत्र घोषित कर सड़क निर्माण करने की भी मांग की गई है। इसके साथ बसेड़ी कस्बे में सदर थाना खुलवाने और नए थाने को कोतवाली थाने में क्रमोन्नत करने के साथ बसेड़ी हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पद हड्डी रोग, शिशु रोग, सर्जन आदि को भरवाने और बसेड़ी में सोनोग्राफी मशीन लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन में स्थानीय निवासियों ने बसेड़ी में 5 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए आधार सेंटर खुलवाने की भी मांग की है। प्रशासन गांव की ओर अभियान में दिए गए ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कंटेंट- अंकित गर्ग, बसेड़ी


