जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश जैन के नेतृत्व में मंगलवार को दिल्ली-आगरा रोड जाने वाली बसों को ट्रैफिक पुलिस की ओर से ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर गुजारने से जाम होने से परेशानियों के कारण ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रांसर्पोटर्स ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन को जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन, राजस्थान ऑटोमोबाईल डीलर एसोसिएशन, जयपुर मोटर रिपेरिंग एसोसिएशन, जयपुर ओल्ड टायर एसोसिएशन की ओर से समर्थन रहा। स्थानीय व्यापारियों ने यहां इक्ट्ठा होकर जमकर नारेबाजी की और इस रूट से गाड़ियों की आवाजाही बंद करने की मांग की। स्वागत समिति के चेयरमैन कपिल अग्रवाल ने बताया- आज विरोध प्रदर्शन में लगभग 500 ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने भाग लिया, क्योंकि कुछ दिन पहले जयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा के कारण कई जाने गई। ऐसा हादसा दोबारा ना हो इसके लिए हम सभी व्यापारी वर्ग ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर से बसों को आवागमन नहीं होने देगें। महामंत्री अमन कामदार ने बताया- प्रदर्शन में पुलिस प्रशासन की ओर से सम्बन्धित विभाग के एडिशनल एसपी और डिप्टी एसपी पूरे जाब्ते के साथ आए। जिसके बाद हमारा प्रतिनिधिमंडल जयपुर कमिश्नरेट में वार्ता के लिए पहुचा। यहां जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश जैन, महामंत्री अमन कामदार, स्वागत समिति के चेयरमैन कपिल अग्रवाल, राजस्थान ऑटोमोबाईल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष चानणमल अग्रवाल, महामंत्री राजन सिंह, जयपुर मोटर रिपेरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभुदयाल सैनी मौजूद रहे। पुलिस की ओर से सकारात्मक आश्वासन के बाद धरना प्रदर्शन कुछ दिन के लिए स्थगित किया गया।


