जिले में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला कलेक्टर काना राम ने एक अनूठी पहल की है। इसके तहत उन्होंने मंगलवार को ‘कॉफी विद कलेक्टर’ कार्यक्रम में खिलाड़ियों के साथ चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक खिलाड़ी द्वारा अर्जित उपलब्धियों और खेलने में आ रही चुनौतियों के बारे में विस्तार से पूछा। खिलाड़ियों ने उत्साह और उत्सुकता के साथ बातचीत की। जिला कलेक्टर ने खिलाड़ियों से कहा कि वो जहां भी खेलें, जीवन में कभी नशा नहीं करने की बात को प्रमुखता से रखें। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को प्रोत्साहित करें। बेटियों को प्राथमिकता दें, ताकि किसी भी क्षेत्र में उनके साथ भेदभाव ना हो। इस मौके पर जिला कलेक्टर ने खिलाड़ियों से निजी जीवन, खेल की चुनौतियों, खेल की संभावनाओं, सुविधाओं में विस्तार को लेकर चर्चा की। एथलेटिक्स देविका ने बताया कि गांव में मिट्टी के ट्रैक पर आर्मी की तैयारी करने वालों के साथ दौड़कर उन्होंने गोल्ड जीता है। वह, 11वीं कला वर्ग की छात्रा है और सुबह 4.30 बजे ट्रैक पर प्रैक्टिस के लिए पहुंच जाती है। जिला कलेक्टर ने कौतूहल से पढ़ाई और खेल को एक साथ मैनेज करने, अकेले प्रेक्टिस करने के बारे में पूछा। देविका ने कहा कि मैनेज हो जाता है सर! यह उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। पदक विजेताओं ने कलेक्टर के साथ पी कॉफी
स्कूल स्तरीय राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2023-24 के विजेता और उपविजेता रहे खिलाड़ियों के साथ जिला कलेक्टर ने कॉफी पर चर्चा की। ललाना दिखनादा से एथलेटिक्स में गोल्ड विजेता देविका, जंक्शन से यूथ गेम कबड्डी फिट इंडिया में गोल्ड विजेता जसप्रीत, सिलवाला खुर्द से वॉलीबॉल में सिल्वर विजेता गुरशरण सिंह, रावतसर के वॉलीबॉल में सिल्वर विजेता गुरुजीवन सिंह, गोलूवाला सिंहागान से तीरंदाजी में कांस्य पदक विजेता प्रमोद धतरवाल, गोलूवाला से तीरंदाजी में कांस्य पदक विजेता योगेश जोशी, सिलवाला खुर्द से वॉलीबॉल में कांस्य पदक विजेता नवजोत कौर, सिलवाला खुर्द से वॉलीबॉल में कांस्य पदक विजेता प्रियंका तथा अनूपशहर से बॉक्सिंग में कांस्य पदक विजेता ममता ने कलेक्टर के साथ कॉफी पर चर्चा की। जिला कलेक्टर के साथ जिले में खेल संभावनाओं को लेकर कॉफी पर चर्चा हुई। उन्होंने हमें विश्वास दिलाया है कि खेल की सभी चुनौतियों में वह हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं। मानस अभियान में जिले को नशा मुक्त बनाने में खेलों का बड़ा योगदान है। अगर युवा खेलों की तरफ एनर्जी लगाएगा तो उसमें नकारात्मक विचारों पर ध्यान लगाने का समय नहीं बचेगा। हॉकी गोलकीपर करणजोत सिंह ने बताया कि खेलों की वजह से मेरा चयन कैग में ऑडिटर पद पर हुआ है, खेलों में सुनहरा भविष्य है। कलेक्टर सर का धन्यवाद, जो हमें यह प्लेटफॉर्म और मौका दिया।


