इस बार राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह उदयपुर में:सीएस ने जयपुर से वीसी ली, विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां बांटी, बाद में कलेक्टर ने भरा जोश

इस बार का गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह उदयपुर में होगा। इस मेजबानी को लेकर उदयपुर ने तैयारियां शुरू कर दी है। मुख्य सचिव सुधांश पंत ने मंगलवार शाम को वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से इस आयोजन को लेकर बैठक ली। उन्होंने विभिन्न विभागों को कार्य-दायित्व सौंपते हुए राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को भव्य एवं गरिमामयी ढंग से आयोजित किए जाने के निर्देश दिए। वीसी में विभिन्न विभागों के प्रदेश स्तरीय अधिकारी, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी राजेश मीणा, जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल, एसपी योगेश गोयल सहित विभागीय अधिकारी शामिल हुए। वीसी के पश्चात जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने डीओआईटी सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने उदयपुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों पर चर्चा की। जिला कलक्टर पोसवाल ने कहा कि उदयपुर को जब-जब किसी बड़े आयोजन की जिम्मेदारी मिली हैं, तब-तब टीम उदयपुर ने पूर्ण निष्ठा के साथ काम करते हुए उसे आयोजन को आशा से भी अधिक सफल बनाया है। उन्होंने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि गणतंत्र दिवस समारोह निर्धारित प्रोटोकॉल के साथ पूर्ण व्यवस्थित ढंग से आयोजित हो। उन्होंने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या में भव्य सांस्कृतिक संध्या, गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह के साथ बैठक, परेड निरीक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तथा एट होम कार्यक्रमों को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को दायित्व बांटते हुए राज्य स्तर से समय-समय पर प्राप्त होने वाले दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में युडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी वारसिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *