अपना अधिकार पाने के लिए एकताबद्ध संघर्ष ही एक मात्र रास्ता है : दिनेश झा

सिटी रिपोर्टर | बोकारो चीरा चास में बैंक ऑफ इंडिया इंप्लाइज यूनियन झारखंड के बोकारो अंचल के सदस्यों की एक बैठक संपन्न हुई। बैठक में बोकारो व गिरिडीह के सभी शाखाओं के कर्मचारियों की उपस्थिति रही। शुभारंभ अध्यक्ष एसके अदक, महासचिव दिनेश झा लल्लन, उप महासचिव एसएन दास, संगठन सचिव राकेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष प्रदीप झा, सहायक सचिव सत्यजीत गिरि व शहबाज आलम ने संयुक्त रूप से किया। संगठन सचिव राकेश मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन व संचालन शहबाज आलम ने किया। इस दौरान महासचिव दिनेश झा लल्लन ने कहा कि आज तक मजदूरों को अपना कोई भी हक बिना संघर्ष किए प्राप्त नहीं हुआ है। आज फिर से ऐसी स्थिति उत्पन्न की जा रही है, जहां हमें अपने अस्तित्व को बचाने के साथ-साथ बैंक को भी बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। इसके लिए मानसिक रूप से पूर्णरूपेण संगठित होकर संगठन के नेतृत्व में सतत संघर्ष करना होगा, कारण संगठन का कोई विकल्प नहीं है। आज बैंकों में ग्राहक सेवा संतोषप्रद नहीं होना, आए दिन ग्राहकों का बैंक काउंटरों पर जूझते हुए दिखना, ग्राहकों के कार्य मनोनुकूल नहीं होने से कर्मचारियों पर उत्तेजित होना व कर्मचारियों पर भी अत्यधिक काम का दबाव होना आदि से ग्राहक व कर्मचारी दोनों को जूझना पड़ रहा है। इस सब के पीछे बैंकों में कर्मचारी संवर्ग में बहाली नहीं होने के साथ-साथ हमारे आम सदस्यों में अपने हितार्थ ज्ञान एवं समझदारी का अभाव भी एक बड़ा कारण है। उन्होंने आह्वान किया कि संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा की ओर से 9 जुलाई को आहूत एक दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए हिस्सा लें। सभा में बोकारो अंचल से राज्य कार्यकारिणी के लिए 10 सदस्य स्थाई समिति सदस्य व दो आमंत्रित सदस्य का चुनाव किया गया, जिसमें इंद्रजीत चौधरी, दीपक कुमार लाल, प्रियंका कुमारी, अनुपम कुमारी, परमहंस कुमार, दीपक कुमार, संजय हेंब्रम, जगन्नाथ दास, शुभम दोस्त, शिव शंकर भगत, रणवीर कुमार राय व अजय कुमार शामिल हैं। पूर्व उपाध्यक्ष उदय कुमार सिंह के सेवानिवृत्ति पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर अजय कुमार, विनय कुमार, बृजेश कुमार सिंह, शशि भूषण आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *