प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा:कांग्रेस ने बाबा साहब आंबेडकर का अपमान किया, भाजपा ने दिया सम्मान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को अपमानित करने और उनका मजाक उड़ाने का रहा है। अब कांग्रेस उनके नाम पर हक मांगने का ढोंग कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने नेताओं और जवाहर लाल नेहरू द्वारा बाबा साहब डॉ. आंबेडकर के अपमान के लिए पूरे देश से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान यह बात कही। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ व डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के कारण ही देश के पहले कानून मंत्री बाबा साहब डॉ. आंबेडकर को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने को मजबूर होना पड़ा। यहां तक की बाबा साहब को इस्तीफे के बाद सदन में बोलने तक नहीं दिया गया। कांग्रेस पार्टी को जवाब देना चाहिए कि उसने आंबेडकर के त्यागपत्र को जनता के सामने क्यों नहीं आने दिया? उन्होंने कहा कि नेहरू ने एडविना माउंटबेटन को भी पत्र लिखकर बाबा साहब आंबेडकर के कैबिनेट में न रहने की खुशी जाहिर की थी। कांग्रेस ने आंबेडकर को चुनाव हरवाया मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अंबेडकर को 1952 के लोकसभा चुनाव और 1954 के उपचुनाव में हरवाया। उन्हें भारत रत्न तक नहीं दिया। बाबा साहब का एक भी स्मारक नहीं बनने दिया। कांग्रेसी नेताओं का प्रयास रहता है कि सत्ता हासिल करे, फिर चाहे झूठ, धर्म या जातिवाद की राजनीति ही क्यों ना करनी पड़े। आंबेडकर को भारत रत्न भाजपा सरकार ने दिया सीएम ने कहा कि 2014 के बाद पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा केन्द्र सरकार डॉ. अम्बेडकर, डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए अंत्योदय और गरीब कल्याण के मार्ग पर चल रही है। भाजपा सरकारों के समय में ही देश में बाबा साहब की स्मृति में पंचतीर्थों का विकास किया गया। केंद्र में मोदी सरकार आई, तो दिल्ली में अंबेडकर सेंटर बनकर तैयार हुआ। मोदी सरकार ने लंदन में जहां बाबा साहब रहे थे, वहां उनकी एक स्मृति बनवाई, दिल्ली में उनके निवास स्थान पर स्मृति स्थापित की, नागपुर की दीक्षा भूमि और मुंबई की चैत्य भूमि में भी स्मृतियां बनाई। भाजपा समर्थित सरकार ने बाबा साहब को भारत रत्न देने का काम किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *