शहर एवं उदयपुर देहात जिला कांग्रेस के साझे में मंगलवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सम्मान मार्च निकाल कर कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। सम्मान मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता कोर्ट चौराहा स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शास्त्री सर्कल होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग कर देश से माफी मांगने के लिए आदेशित करने की मांग की है। इस अवसर पर उदयपुर देहात कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कचरूलाल चौधरी ने कहा कि देश की आम जनता ने जिस तरह से भाजपा का 400 पार का भ्रम तोड़ा है, उससे पैदा हुई कुंठा का परिणाम ही अमित शाह का यह अपमानजनक बयान है। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान द्वारा दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को समान अधिकार दिया, स्वाभिमान से जीने का हक दिया, लेकिन गृह मंत्री शाह ने अपने बयान से बाबा साहेब का अपमान किया है। उदयपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे ताराचंद मीणा ने कहा कि हिंदुस्तान की आवाज है संविधान और संविधान के निर्माता का अपमान हिंदुस्तान का अपमान है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर जैसे महान व्यक्तित्व के प्रति इस तरह की टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि यह भाजपा की संविधान विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। वल्लभनगर की पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने कहा कि देश की जनता आडंबर कर भ्रम फैलाकर सत्ता में आने वाली भाजपा के गलत मंसूबों को समझ चुकी है और गृहमंत्री शाह का यह बयान इसी बौखलाहट का नतीजा है।


