भास्कर न्यूज | बालोद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा में अंग्रेजी व्याख्याता अजय पाठक ने पीटी और अंग्रेजी पढ़ाने का तरीका बदला। पहले पीटी में बच्चे रुचि नहीं लेते थे। सीटी की आवाज पर हाथ-पैर हिलाना उन्हें बोरिंग लगता था। कई बच्चे पीटी के समय स्कूल से गायब हो जाते थे। कुछ तबीयत का बहाना बनाकर बैठ जाते थे। इस समस्या को दूर करने के लिए अजय पाठक ने संगीत के साथ पीटी शुरू की। इसे संगीत्याम नाम दिया गया। इसमें देशभक्ति गीत, छत्तीसगढ़ी जसगीत और डांडिया जैसे गीतों पर पीटी कराई जाती है। इससे बच्चों में देशप्रेम और संस्कृति की समझ बढ़ी। डांस का अनुभव भी मिला। अब बच्चे शनिवार की सुबह का इंतजार करते हैं। साथी शिक्षक भी इसमें शामिल होने लगे हैं। इससे बच्चों की रुचि बढ़ी। बोरियत दूर हुई। याद करने की क्षमता भी बढ़ी। कुछ स्कूलों ने इसे अपनाया भी है। विद्यार्थियों को उंगलियों से ग्रामर सिखाते हैं शिक्षक अंग्रेजी ग्रामर में वॉयस और नरेशन को आसान बनाने अजय पाठक ने उंगलियों से मुद्राएं बनाईं। वॉयस समझाने के लिए चार उंगलियों से V शेप बनाया। तर्जनी और मध्यमा को एक साथ, अनामिका और कनिष्ठा को एक साथ रखा। इससे चार टेंस बनाए गए। 1 सिंपल, 2 कंटीन्यूस, 3 परफेक्ट, 4 परफेक्ट कंटीन्यूस। एक्टिव से पैसिव वॉयस बदलते समय सहायक क्रिया पहचानने में यह मदद करता है। एक्टिव वॉयस के 1 और 2 होने पर पैसिव में 2 की सहायक क्रिया (IS, AM, ARE / WAS, WERE) का उपयोग होता है।


