भीषण गर्मी से लोग हुए बेहाल, अब बारिश का इंतजार

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर मौसम ने फिर करवट ली है। मई के आखिरी सप्ताह में बारिश की उम्मीद थी, लेकिन जून की शुरुआत में भी आसमान साफ है। नौतपा गुजर चुका है। फिर भी गर्मी से राहत नहीं मिली। लू और तेज धूप ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। बाजारों में शाम 5 बजे तक सन्नाटा है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे। भीषण गर्मी ने साफ कर दिया है कि मौसम अब पुराने ढर्रे पर नहीं चल रहा। इसका असर आम लोगों पर पड़ रहा है। नौतपा के दौरान बारिश हुई थी। तब अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री रहा। नमी के कारण उमस भरी गर्मी थी। अब सुबह 7 बजे से ही तेज धूप पड़ रही है। गर्म हवाएं चल रही हैं। सूरज की किरणें शरीर को झुलसा रही हैं। पिछले 6 दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री बढ़ा है। अब अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 29 डिग्री पर पहुंच गया है। इससे हीट वेव जैसी स्थिति बन गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने मई के अंत तक मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने की बात कही थी। लेकिन अब तक कोई संकेत नहीं मिला है। खेतों की मिट्टी सूख रही है। शहरों में लोग पसीने से तरबतर हैं। सभी को बारिश का इंतजार है। किसान चिंतित हैं। समय पर बारिश नहीं हुई तो खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित होगी। हालांकि जुलाई-अगस्त में बारिश से हर साल बोवाई पूरी हो जाती है। फिलहाल शहरों में बिजली और पानी की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्‌ठ ने बताया कि जून के दूसरे सप्ताह से मानसूनी गतिविधियों की संभावना है। डीडीए राजेश भारती ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश का पानी जमा करने के लिए गड्ढा बना लें। इससे धान की नर्सरी तैयार करने में परेशानी नहीं होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *