जवाहर नगर कैंप में राशन बांटने पर हंगामा, आशू ने डीसीपी व समस्त एसएचओ के तबादले की मांग उठाई

भास्कर न्यूज | लुधियाना जवाहर नगर कैंप में सत्ता पक्ष की ओर से कथित रूप से बांटे जा रहे राशन की शिकायत करने पहुंचे कांग्रेसी वर्कर को गिरफ्तार करने आई पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर विवाद हो गया। मौके पर पहुंचे कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशू की पुलिसकर्मियों से तीखी बहस हो गई। आशू ने पंजाब पुलिस पर आम आदमी पार्टी का पोलिंग एजेंट बनने का आरोप लगाते हुए डीसीपी और सभी एसएचओ के तबादले की मांग की। घटना विधानसभा हलका पश्चिमी में बुधवार को उस समय हुई, जब कांग्रेसियों को जवाहर नगर कैंप में राशन बांटे जाने की सूचना मिली। एक्टिवा सवार एक युवक को रोककर जब कांग्रेस वर्करों ने सवाल किए, तो वह स्कूटर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कांग्रेस ने मामले की शिकायत चुनाव आयोग को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि शिकायत करने वाले कांग्रेसी वर्कर को ही हिरासत में ले लिया गया। सूचना मिलने पर आशू स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस आम आदमी पार्टी के इशारे पर काम कर रही है और सरकारी वर्दी को दिल्ली सरकार के हवाले कर चुकी है। आशू ने कहा कि यह रवैया लोकतंत्र की हत्या के समान है। पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेसियों ने विरोध दर्ज कराया और सख्त लहजे में कहा कि वे धक्केशाही के आगे नहीं झुकेंगे। विरोध बढ़ता देख पुलिस अधिकारी कांग्रेसी वर्कर को छोड़कर मौके से लौट गए। सरकार पूरी तरह बौखला चुकी है और अब पुलिस के जरिए विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है, लेकिन कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस तानाशाही के खिलाफ डटकर खड़ा रहेगा। आप वर्करों व शिअद उम्मीदवार से नोकझोंक आप वर्करों व शिअद उम्मीदवार परउपकार सिंह घुम्मण से नोकझोंक हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया लेकिन किसी तरह वर्करों ने दोनों पक्षों को अलग अलग कराया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर राशन बांटने का आरोप लगाया जिसे लेकर हंगामा हो गया। आप कार्यकर्ता वेस्ट हलके का माहौल खराब कर रहे : आशू कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशू ने आम आदमी पार्टी पर कड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के बाहरी कार्यकर्ता पश्चिम हलके में माहौल खराब कर रहे हैं। आरोप लगाया कि मालेरकोटला के विधायक ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए खुद बीआरएस नगर स्थित “आप” पार्टी कार्यालय में बैठकर लोगों से मुलाकात की। वहीं खन्ना से राशन का ट्रक लेकर पहुंचे एक अज्ञात व्यक्ति को भी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रंगे हाथों पकड़ लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *