भास्कर न्यूज|गढ़वा मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत पेशका गांव निवासी स्वर्गीय रामजतन पासी के पुत्र संजय पासी (40 वर्ष) की मौत विषैले जीव-जंतु के काटने से गुरुवार को हो गई। इस घटना से परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के भाई दीनानाथ पासी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बुधवार की रात करीब 11 बजे संजय पासी अपने घर में भोजन कर सो गया था। इसी दौरान उसे किसी जहरीले जीव-जंतु ने काट लिया। संजय की नींद खुली तो उसने एक सांप को भागते देखा और उसे मार डाला। बाद में उसने अपने शरीर पर एक कीड़ा बैठा देखा, जिससे उसे भ्रम हुआ कि शायद कीड़े ने काटा है, सांप नहीं। संजय दोबारा सो गया लेकिन कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। रात करीब 3:30 बजे परिजनों ने उसे गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए ले ही जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पुनः सदर अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस ने अंत्यपरीक्षण के लिए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष केसरी, झामुमो नेता चंदन जायसवाल, समाजसेवी दौलत सोनी सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे और संवेदना जताई। इस बीच, मृतक के भाई दीनानाथ पासी ने सदर अस्पताल के ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टरों की लापरवाही से संजय की जान गई।


