जालंधर| थाना बस्ती बावा खेल की उप चौकी लेदर कॉम्प्लेक्स में बुधवार को हुई सूरज की रहस्यमयी मौत को लेकर दूसरे दिन भी मजिस्ट्रेट जांच चलती रही। सूरज के शव का डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम प्रकिया की वीडियोग्राफी करवाई गई है। रिपोर्ट से साफ होगा कि सूरज ने सुसाइड की थी या फिर उसका कत्ल हुआ है। सूरज की पत्नी राजविंदर कौर ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद फैमिली को सौंप दिया गया जिन्होंने इसका संस्कार कर दिया। उधर, दूसरी ओर चौकी में मौत को लेकर कोताही के एंगल पर भी जांच की जा रही है। बता दें कि नाखां वाला बाग के रहने वाले सूरज (30) को पुलिस ने स्नैचिंग के केस को लेकर बुधवार को चौकी बुलाया था। दोपहर करीब 2 बजे सूरज ने कहा था कि उसे भूख लगी है। इसके बाद मुलाजिम खाना लेने चला गया। जब वह 15 मिनट बाद लौटा तो सूरज खिड़की की ग्रिल के साथ फंदे से लटक रहा था। उसे नीचे उतार कर अस्पताल में लेकर आए थे, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूरज पर करीब 15 केस चल रहे थे।


