अमृतसर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत ग्रामीण पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। घरिंडा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो तस्करों को एक किलो हेरोइन के साथ पकड़ा। पुलिस मामला की जांच कर रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरसेवक सिंह और कुलजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपियों का पाकिस्तानी स्मगलरों के साथ सीधा संपर्क है और उन्होंने अब तक 4 से पांच खेप मंगवाई हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में मामला दर्ज है। आरोपियों को रिमांड पर लेगी पुलिस डीएसपी अटारी लखविंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। पुलिस उनके अन्य साथियों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाएगी। अवैध संपत्ति को फ्रीज किया जाएगा पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की नशीले पदार्थों की कमाई से बनाई गई संपत्ति की जांच की जाएगी। अवैध संपत्ति मिलने पर उसे तुरंत फ्रीज कर दिया जाएगा। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पंजाब के ‘ड्रग्स के खिलाफ जंग’ अभियान के तहत की गई है। कार्रवाई एसएसपी अमृतसर ग्रामीण मनिंदर सिंह और डीएसपी अटारी लखविंदर सिंह के नेतृत्व में की गई।


