धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मनईटांड़ निवासी 25 वर्षीय साहिल सूरी की अज्ञात अपराधियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना रेलवे फाटक के पास उस वक्त हुई जब साहिल अपने भाई विक्की और दोस्त सुल्तान के साथ पटना जाने के लिए धनबाद रेलवे स्टेशन में टिकट लेने जा रहा था। घात लगा कर किया हमला बताया जा रहा है कि तीनों युवक स्टेशन के दक्षिणी छोर स्थित रेलवे फाटक की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट की नीयत से तीनों पर हमला कर दिया। लुटेरों ने विरोध करने पर साहिल के सीने और पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव में उसके भाई विक्की और सुल्तान भी घायल हो गए। एक युवक की हुई मौत घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि विक्की और सुल्तान का इलाज जारी है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक मोड़ थाना और सरायढेला थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।


