हजारीबाग के श्री ज्वैलर्स में अंधाधूंध फायरिंग:बाइक पर आए अपराधी, लगातार चलाई गोलियां, दहशत फैलाने की कोशिश

हजारीबाग जिले के महावीर स्थान चौक पर स्थित श्री ज्वैलर्स की दुकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। दो बाइक सवार बदमाशों ने दुकान के गेट पर सात राउंड फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना सदर थाना क्षेत्र की है। फायरिंग के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को दुकान के बाहर से छह खोखे बरामद हुए हैं, जबकि दुकान के शटर पर सात गोलियों के निशान साफ देखे जा सकते हैं। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इससे इलाके में दहशत का माहौल है। सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो बदमाश बाइक से दुकान के सामने आते हैं। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था जबकि दूसरे ने लाल रंग का गमछा मुंह पर बांधा हुआ था। इनमें से एक बदमाश ने कमर से पिस्तौल निकालकर दुकान की ओर गोलियां चलाईं। गौर करने वाली बात यह है कि बदमाशों ने दुकान के अंदर प्रवेश नहीं किया, केवल बाहर से फायरिंग की और भाग निकले। पुलिस को आशंका है कि यह घटना किसी लूटपाट के इरादे से नहीं, बल्कि व्यापारियों में भय फैलाने के उद्देश्य से की गई है। 400 मीटर दूर है सदर थाना महावीर स्थान चौक हजारीबाग का प्रमुख ज्वैलरी मार्केट है, जहां सात से अधिक ज्वैलर्स की दुकानें हैं। दिनभर यहां ग्राहकों की भीड़ रहती है और रात में सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं। घटना स्थल से सदर थाना मात्र 400 मीटर और हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल का आवास महज 150 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतनी सुरक्षा के बीच भी बदमाशों ने इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम दिया। व्यापारियों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी घटना के बाद स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष विक्रम सोनी ने प्रशासन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अपराधियों का मकसद व्यापारियों को डराना है, ताकि वे स्वतंत्र रूप से व्यापार न कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो स्वर्ण व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। वहीं सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। अपराधियों की तलाश में पूरे इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने पुष्टि की कि घटना के दौरान सात राउंड फायरिंग हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *