इमरजेंसी भारतीय इतिहास का सबसे काला अध्याय, इसे कभी नहीं भुलाया जा सकता

भास्कर न्यूज | जालंधर ‘आपातकाल भारतीय इतिहास का एक काला अध्याय है, जिसने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को खतरे में डाल दिया था। इस दौर में नागरिकों के अधिकारों का हनन हुआ, प्रेस की स्वतंत्रता को दबाया गया और विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया। इस दौरान देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के कई प्रयास किए गए।’ उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने बुधवार को आपातकाल की बरसी पर कहीं। सिंह जालंधर के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सिंह ने कहा कि ‘आज भी हमें आपातकाल के काले दौर से सीखने की जरूरत है, ताकि हम अपने लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं की रक्षा कर सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।’ सिंह ने कहा कि आपातकाल के दौर को कभी नहीं भुलाया जा सकता। हमें इस बारे में आने वाली पीढ़ियों को बताना होगा, ताकि वे लोकतंत्र की महत्ता समझ सकें। इस दौरान सिंह ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस का मानना है िक देश की सत्ता पर केवल उनके ही परिवार का हक है और वह उसे पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट, कैग, सीबीआई, ईडी जैसी हर संवैधानिक संस्था का न केवल अपमान किया, बल्कि उन्हें देश और दुनिया में बदनाम भी किया। चुनाव आयोग को बार-बार बिना तथ्यों के पार्टी ने निशाना बनाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, जालंधर के पूर्व मेयर एवं प्रदेश के महामंत्री राकेश राठौर, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, पूर्व जिला अध्यक्ष रमन पब्बी, जिला महामंत्री राजेश कपूर के अलावा अशोक सरीन हिक्की, अमरजीत सिंह गोल्डी, भाजपा स्पोर्ट्स सेल के प्रदेश अध्यक्ष सनी शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *