भास्कर न्यूज | रामगढ़ रामगढ़ शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में 110 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है। पर्याप्त बिजली मिलने के बावजूद रामगढ़ शहरी, ग्रामीण व जेल फीटर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रही है। जेएसईबी और डीवीसी द्वारा कभी मेंटेनेस तो कभी लोड शेडिंग के नाम पर प्रतिदिन घंटों बिजली काटी जा रही है। एक तरह बिजली विभाग के पदाधिकारी दावा करते हैं कि शहरी क्षेत्र में जब-तब डीवीसी के लोड शेडिंग के कारण ही दो से तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है। वहीं उपभोक्ताओं का दावा है कि 24 घंटे में 8-10 घंटे तक विभाग द्वारा मेंटेनेंस और लोड शेडिंग के नाम पर बिजली की कटौती की जा रही है। जिससे व्यवसाय के साथ-साथ बच्चों के शिक्षा पर भी प्रभाव पड़ रहा है। वहीं लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश भी देखा जा रहा है। बिजली विभाग के कर्मियों ने बताया कि रामगढ़ शहरी व ग्रामीण फीडर में बारह से ज्यादा एबी स्विच की आवश्यकता है। लेकिन मात्र छह लगे हैं। उनमें भी अधिकांशत: एबी स्विच खराब हो गये हैं। जिसके कारण फॉल्ट होने पर परेशानी होती है। कर्मियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि एबी स्विच की कमी के कारण एक स्थान में फॉल्ट होने पर पूरे टाउन का बिजली काटना पड़ता है। वहीं फॉल्ट जल्दी नहीं मिलने से ज्यादा समय तक बिजली आपूर्ति बंद रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। नईसराय स्थित सब-स्टेशन के कर्मियों ने बताया कि उनके रजिस्टर में मात्र 4.40 घंटे तक आपूर्ति बाधित की इंट्री है। उन्होंने कहा कि लोकल फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बंद हो सकती है। उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। रामगढ़ चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष मनजी सिंह ने कहा कि शहर में मात्र पांच स्थान पर एबी स्विच है। जो सड़कर खराब हो गये हैं। जिसके लिए चैंबर के माध्यम से ज्ञापन देकर बिजली विभाग के पदाधिकारियों से जगह-जगह एबी स्विच लगाने की मांग की है। मनजी सिंह ने यह भी बताया कि एबी स्विच लगने पर जिस स्थान में खराबी होगी, उसी जगह का लाइन बंद होगा।


