गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा गांव में जंगली मशरूम (खुखड़ी) खाने से एक ही परिवार के छह सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। घटना के बाद सभी बीमारों को गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। बताया गया कि खाने में खेत से लाकर बनाई गई खुखड़ी की सब्जी लोगों ने खाया था। सब्जी खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के सदस्यों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। ये लोग हुए हैं फूड पॉइजनिंग का शिकार फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए लोगों में सोनम कुमारी (13), वर्षा कुमारी (11), आयुष कुमार (7), अभिलाषा कुमारी, अनिता देवी और राजेश प्रसाद वर्मा शामिल हैं। राजेश वर्मा ने बताया कि जिस मशरूम की सब्जी बनाई गई थी, वह उनके ही खेत में उगी थी। उन्होंने इसे प्राकृतिक और सुरक्षित मानकर उपयोग किया, लेकिन उसके बाद जो स्थिति बनी, वह बेहद डरावनी थी। गिरिडीह सदर अस्पताल के डॉक्टर पंकज प्रसाद वर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में ऐसे मामले आम हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस मौसम में भारी, बासी या ठीक से साफ न किए गए भोजन से परहेज करना चाहिए। साथ ही, स्वच्छ पानी और साफ-सुथरे भोजन का सेवन ही स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित होता है।
—————————————
इसे भी पढ़ें….
जंगली मशरूम खाने से 6 लोग बीमार:पश्चिमी सिंहभूम के कुईड़ा गांव की घटना, एक की हालत नाजुक, सभी सोनुआ अस्पताल में भर्ती पश्चिमी सिंहभूम गोईलकेरा प्रखंड के कुईड़ा गांव में एक ही परिवार के छह लोग जंगली मशरूम खाने के बाद गंभीर रूप से बीमार हो गए। जब परिवार की बुजुर्ग महिला मेचो नाग जंगल से मशरूम चुनकर लाई थीं। इन मशरूम को पकाकर पूरे परिवार ने खाया, जिसके कुछ घंटों बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के सदस्यों को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ती गई, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से सभी को सोनुआ अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरी खबर यहां पढ़ें…


