बंशीधर नगर | झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा नलिन कुमार के मार्गदर्शन में शनिवार को बंशीधर नगर व्यवहार न्यायालय में लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा के तत्वावधान में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 67 मामलों का निष्पादन किया गया और इसके माध्यम से कुल 8 लाख 18 हजार 500 रुपये की राजस्व वसूली की गई। इस लोक अदालत में एक बेंच का गठन किया गया, जिसमें एडीजे-1 संजय कुमार सिंह तथा एडीजे-2 मनोज कुमार त्रिपाठी शामिल थे। एडीजे-1 संजय कुमार सिंह की अदालत में बिजली से संबंधित 47 मामलों का निपटारा किया गया, जिससे 5 लाख 88 हजार रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। वहीं, एडीजे-2 मनोज कुमार त्रिपाठी की अदालत में मोटर व्हीकल एक्ट के एक तथा क्रिमिनल मामलों के 19 केसों का निष्पादन किया गया। इनमें मोटर वाहन अधिनियम से 1 लाख 92 हजार रुपये और क्रिमिनल मामलों से 38 हजार 500 रुपये की वसूली हुई।अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक ओझा ने जानकारी दी कि मासिक लोक अदालत के माध्यम से जनता को त्वरित न्याय देने की दिशा में यह एक अहम पहल है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों का समाधान लोक अदालत के माध्यम से कराएं, ताकि उन्हें शीघ्र, सरल और सुलभ न्याय मिल सके। फोटो सौजन्य : सियाराम वर्मा गढ़वा | मानसून की बारिश के दौरान गढ़वा शहर का यह नजारा काफी मनमोहक लग रहा है। ऐसा बहुत कम ही होता है की ड्राई जोन वाले इस क्षेत्र में इस तरह की तस्वीर देखने को मिले। मानसून की लगातार हो रही बारिश ने जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के चेहरे पर भी काफी खुशी दिख रही है। किसानों को उम्मीद है कि इस बार उनके फसल अच्छे होंगे। इसी उम्मीद के साथ लोग खेती की तैयारी भी करने में लगे हुए हैं।


