एनाम खान,| गढ़वा किस्त जमा करने को लेकर लाभुक रुचि नहीं ले रहे हैं। जिसके कारण प्रधानमंत्री किफायती आवास परियोजना के तहत बनने वाले आवास का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुक अपनी किस्त जमा करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। ऐसे में आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने में बाधा उत्पन्न हो रही है। नगर परिषद से मिली जानकारी के अनुसार पांच हजार रुपए की निबंधन राशि जमा करने के बाद 253 लोगों को आवास आवंटित भी कर दिया गया है, लेकिन किस्त की राशि चयनित लाभुक जमा नहीं कर रहे हैं। इसलिए आवास के सभी कार्य पूर्ण कर उन्हें उपलब्ध नहीं कराया जा रहे हैं। इस संबंध में बताया गया कि अभी तक दो लाभुक ने सभी चार किस्तो की कुल राशि (अपना अंशदान 3.96 लाख रुपए) जमा की है। जबकि 25 लोगों ने प्रथम किस्त की राशि, पांच ने द्वितीय किस्त की राशि एवं एक ने तृतीय किस्त की राशि जमा की है। इसके अलावा 60 चयनित लाभुकों ने बैंक लोन के लिए आवेदन दिया है, लेकिन इसमें से मात्र 18 का ही बैंक ने स्वीकृत किया है। विदित हो कि गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के भूमिहीन लोगों को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए वर्ष 2018 में इस योजना का शिलान्यास शहर के सोनपुरवा मोहल्ला (रेलवे क्रॉसिंग पार) में किया गया था। इस योजना के तहत 400 आवास बनाए जाने हैं। लेकिन करीब छह साल बाद भी नगर परिषद इस योजना के लिए सभी योग्य लाभुकों का चयन ही नहीं कर सका है।


