भास्कर न्यूज | कवर्धा ग्राम भागूटोला स्थित प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूल मैदान में ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे ले जाती है। आज के बच्चे ही भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा सबके लिए जरूरी है। शाला प्रवेश उत्सव नए शिक्षा सत्र की शुरुआत का प्रतीक है। इसका उद्देश्य बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करना, शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना और सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर, पुष्पवर्षा, मिठाई, यूनिफार्म, किताबें और उपहार देकर स्वागत किया गया। बच्चों की मुस्कान और उत्साह से माहौल जीवंत हो गया। पालकों को शिक्षा की महत्ता और विद्यालय से जुड़ाव की प्रेरणा दी गई। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष गणेश तिवारी ने कहा कि यह उत्सव बच्चों में विद्यालय के प्रति आत्मीयता और पालकों में जागरूकता बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि आज सभी को नवीन शिक्षा अपनानी चाहिए। व्हील चेयर वितरण किए समावेशी शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को व्हील चेयर और श्रवण यंत्र वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चे काफी खुश नजर आए। बच्चों को नियमित पढ़ाई कर अपने स्कूल का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन महेश सिंह ठाकुर और संगीता साहू ने किया। इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अजय चंद्रवंशी, सरपंच चिंताराम साहू, उपसरपंच कौशल साहू, डीएमसी नकुल पनागर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अनिल केशवानी, एपीसी राकेश चंद्रवंशी, शैक्षिक समन्वयक, शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


