जिले में 1 जुलाई से 14 अगस्त 2025 तक दस्त रोकथाम अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर सिविल सर्जन कार्यालय में मंगलवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, डीटीओ डॉ. एस बास्की, डीपीएम प्रवीण कुमार, डीपीसी प्रीति चौधरी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि चाइल्डहुड डायरिया अब भी एक बड़ी जनस्वास्थ्य समस्या है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की कुल मौतों में लगभग 4.8% मौतें डायरिया से होती है, जबकि इनमें से अधिकांश को समय पर पहचान और उचित उपचार से बचाया जा सकता है। डायरिया होने पर बच्चों को ओआरएस और जिंक सप्लीमेंट के साथ पर्याप्त पोषण देना जरूरी है, ताकि वे जल्दी स्वस्थ हो सकें। अभियान के तहत सहिया घर-घर जाकर पांच साल तक के बच्चों को ओआरएस और जिंक की गोली वितरित करेंगी।


