छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ के खैरबना गांव में हुई महिला के मर्डर केस में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या करने वाले और कोई नहीं बल्कि महिला के पड़ोसी है। जादू-टोने का आरोप लगाकर “टोनही” कहने की बात से नाराज होकर मां ने अपनी बेटी और भतीजे के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना खैरागढ़ थाना के खैरबना गांव की है। 26 जून 2025 को खैरागढ़ पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खैरबना की रहने वाली मोहिनी साहू की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि मोहिनी का शव खून से लथपथ हालत में उसके घर में पड़ा हुआ था। शव की हालत देख लग रहा था कि महिला की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। मोहिनी के परिजन चंद्रेश साहू ने थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शक पर पड़ोसियों से की पूछताछ खैरागढ़ थाना प्रभारी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जब घटनास्थल की जांच की तो शक की सुई मोहिनी की पड़ोसी सविता साहू और उसके परिवार पर जाकर टिकी। पुलिस ने सविता साहू (39), उसकी बेटी जसिका साहू (19) और भतीजे दीपेश साहू (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, तो तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। टोनही कहने पर महिला की हत्या का प्लान बनाया सविता ने पुलिस को बताया कि मोहिनी अक्सर उसे जादू-टोना करने का आरोप लगाकर टोनही (डायन) कहकर बदनाम करती थी। गांव में यह बात फैलने लगी थी, जिससे सविता अपमानित महसूस करने लगी। इसी बात से परेशान होकर सविता ने मोहिनी से बदला लेने की ठानी और अपने बेटी जसिका और भतीजे दीपेश की मदद से उसे जान से मारने का प्लान बनाया। घर में अकेली थी महिला, तब घर में घुसे आरोपी 26 जून को दोपहर करीब 2 बजे, जब मोहिनी साहू घर पर अकेली थी, तब सविता, जसिका और दीपेश छत के रास्ते से घर में घुसे। वो अपने साथ गाय बांधने वाली रस्सी भी ले गई थी। मोहिनी के घर में घुसकर तीनों ने मिलकर उसका गला गाय बांधने वाली रस्सी से घोंट दिया। फिर दीपेश ने पीछे से धारदार हंसिया से मोहिनी के गले और चेहरे पर कई बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद किसी को उनपर शक न हो, इसलिए सबूत को मिटाने के लिए तीनों अपने घर लौटे और खून से सने कपड़े और शरीर पर लगे खून के छीेटों को साफ किया। इसके बाद उन्होंने गांव में यह अफवाह फैलाई कि घटना के समय वे खेत में थे। जसिका ने पुलिस के सामने भी रोते हुए यही कहानी दोहराई। पुलिस शुरू में भटक गई, लेकिन साइबर सेल ने मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की जांच की। इससे आरोपियों का झूठ पकड़ा गया। अलग-अलग पूछताछ में उनके बयान में विरोधाभास मिला और अंत में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई हंसिया और रस्सी को बरामद कर जब्त कर लिया है। सभी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें 2 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। ……………………………………………… क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें रायपुर में जादू-टोना के शक में महिला की हत्या:आरोपियों को शक था, नींबू-मिर्ची फेंकने से पत्नी का हुआ अबॉर्शन; डंडे-पत्थर से मार डाला रायपुर जिले के खरोरा इलाके में दो सगे भाइयों ने पड़ोसी महिला की हत्या कर दी। जमीन विवाद और जादू-टोना के शक में डंडे और पत्थर से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। आरोपियों को शक था कि महिला के नींबू-मिर्ची फेंकने की वजह से उनकी पत्नियों का गर्भपात हो गया था। पढ़ें पूरी खबर…


