जांजगीर | जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए 162 गुमशुदा और अपहृत बालक-बालिकाओं एवं महिला-पुरुषों को अलग-अलग राज्यों और जिलों से सकुशल बरामद किया है। इस अभियान को पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर 1 जून से 30 जून तक संचालित किया गया। अभियान के तहत जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में थाना व चौकी स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने लगातार मेहनत और समर्पण से देश के विभिन्न राज्यों जैसे पंजाब, दिल्ली, झारखंड, आंध्रप्रदेश, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में जाकर गुमशुदा लोगों की तलाश की और उन्हें सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा। थाना स्तर पर मिली सफलता की बात करें तो जांजगीर से 23, नैला से 12, बलौदा से 10, पंतोरा से 01, अकलतरा से 15, मुलमुला से 08, पामगढ़ से 25, शिवरीनारायण से 20, नवागढ़ से 22, बिर्रा से 04, बम्हनीडीह से 03, सारागांव से 06 और चाम्पा से 13 गुमशुदा लोग बरामद किए गए। कुल मिलाकर 162 गुम हुए व्यक्तियों को वापस लाने में पुलिस को सफलता मिली।


