प्रतापगढ़ शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित कपूर जी की छत्री पर श्रीमद् भागवत सप्ताह संगीतमय ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ आज भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं और विभिन्न अखाड़ों के पहलवानों ने अपने अद्भुत करतबों से यात्रा में रंग जमा दिया। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कपूर जी की छत्री स्थित कथा स्थल पर पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन प्रारंभ हुआ। कथा का वाचन पं. निरंजन शर्मा (गादोला वाले) के मुखारविंद से किया जा रहा है। यह भागवत कथा 26 दिसंबर 2024 से 1 जनवरी 2025 तक आयोजित की जाएगी। कथा का समय प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 4 बजे तक होगी। 27 दिसंबर को प्रहलाद चरित्र और हिरण्यकश्यप वध कथा, 28 दिसंबर को भगवान वामन अवतार कथा, 29 दिसंबर को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और झांकी, 30 दिसंबर को रुक्मिणी विवाह कथा और 31 दिसंबर को श्री शुकदेव जी के जन्म की कथा का वाचन किया जाएगा। इस आयोजन का समापन 1 जनवरी 2025 को हवन और प्रसादी वितरण के साथ होगा।


