भास्कर न्यूज | जामताड़ा जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत शहरपुरा गांव निवासी परिमल टुडू की हाल ही में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। परिमल टुडू अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद कमजोर थी, ऐसे में परिवार के एकमात्र सहारा का छीन जाना अत्यंत दुखद है। इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाते हुए ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की और आश्वासन दिया कि भविष्य में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। वीरेंद्र मंडल ने कहा परिमल टुडू का असमय जाना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। हम इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करना हमारी प्राथमिकता है और हम हर संभव मदद करते रहेंगे। इस अवसर पर शहरपुरा पंचायत के मुखिया पारस मुर्मू, दुलाडीह पंचायत के मुखिया दिनेश मुर्मू, पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रंजीत राणा, भाजपा नेता मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। ग्रामीणों ने भाजपा नेता द्वारा किए गए इस सहयोग की सराहना की और इसे एक संवेदनशील व मानवीय पहल बताया।


