भास्कर न्यूज| धालभूमगढ़ गुरुवार की देर रात को कोकपाड़ा नरसिंहगढ़ गांव के बोस कॉलोनी में विशाल चंद्र नामाता के घर में चोरी हो गई। चोरों ने पहले हाथ घुसा कर के दरवाजा की छिटकनी तोड़ी। इसके बाद घर के अंदर घुसकर अलमारी खोल ली। उसमें रखे जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 4.90 लाख रुपए बताई जा रही है। चोरी को लेकर विशाल चंद्र नामाता ने धालभूमगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को लिखे आवेदन में विशाल चंद्र नामाता ने लिखा है कि चोरों ने उनके घर से सोने के दो बाला जिसकी कीमत दो लाख रुपये, दो मंगलसूत्र एक लाख रुपये, एक अंगूठी 35 हजार रुपये, दो जोड़ी कान की बाली डेढ़ लाख रुपये, चांदी की दो माला और दो बाला तीन हजार रुपये और दो हजार रुपये नकद चुरा लिए। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस कमरे में अलमारी से चोरी हुई, उसी कमरे में विशाल चंद्र नामाता और उनकी पत्नी सो रहे थे। उन्हें कोई आहट तक नहीं हुई। घर में एक पालतू कुत्ता भी है। लेकिन उसने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। चोरी के बाद से कुत्ता भी मायूस है। खाना-पीना काफी कम कर दिया है। जैसे नशे में हो। काई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। धालभूमगढ़ में बढ़ी चोरी जानकारी हो कि धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वहीं पुलिस की ओर से इन चोरी के मामलों का खुलासा नहीं होने से लोगो में डर का माहौल है। ऐसी ही चोरी की घटना में 28 जून की रात एनएच-18 सड़क किनारे अमर हेल्थ प्वाइंट का ग्रिल तोड़कर चोरों ने दो ऑक्सीजन सिलेंडर, इनवर्टर और अन्य सामान चुरा लिया था। जानकारी हो कि इससे पहले भी इलाके के कई मंदिरों और घरों में चोरी हो चुकी है। लेकिन अब तक कोई चोर पकड़ा नहीं जा सका है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि चोरी के मामले का उद्भेदन नहीं किए जाने से आम लोगो में असुरक्षा का माहौल है। वहीं कुछ लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। क्या कहते हैं थाना प्रभारी ^थाना प्रभारी मोहम्मद अमीर हमजा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही चोरी के मामले का उद्भेदन किया जाएगा।


