भास्कर न्यूज|कांडी स्थानीय प्रखंड मुख्यालय में जिला परिषद की 5 एकड़ सरकारी भूमि रहते हुए कांडी के सरकारी अस्पताल की जमीन का सीना चीरकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के भवन का निर्माण करा दिया गया। जबकि अस्पताल भवन के विस्तार व डॉक्टर तथा स्टाफ क्वार्टर आदि के निर्माण के लिए अब बित्ता भर जमीन भी अस्पताल के पास नहीं बची। पता नहीं यह किसके दिमाग का दिवालियापन था कि अस्पताल को भूमिहीन करके प्रखंड कार्यालय के भवन का निर्माण करा दिया गया। जबकि व्यापक जनहित में अस्पताल को अधिक जमीन की जरूरत है। अब इस कार्रवाई के 20 वर्षों के बाद जिला परिषद की जमीन में टेंपो स्टैंड व दुकानों का निर्माण कराने की योजना पारित की गई है। जिला परिषद के बोर्ड की बैठक में कांडी में जिला परिषद की जमीन का सीमांकन करके उसमें टेंपो स्टैंड व दुकानों का निर्माण करा कर बेरोजगारों को किराए पर देने की योजना पारित हुई है। गढ़वा जिला के डीडीसी सह जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पत्रांक 451 जिप दिनांक 3 जुलाई 2025 के अनुसार कांडी के अंचल पदाधिकारी को खाता नंबर 237 प्लॉट नंबर 32 में 10 डिसमिल व खाता नंबर 237 प्लॉट नंबर 669 में 4 एकड़ 87 डिसमिल के भूखंड की मापी व सीमांकन कराकर डीडीसी ने रिपोर्ट मांगी है। जमीन की मापी एवं सीमांकन हो जाने के बाद इसमें टेंपो स्टैंड व दुकानों के निर्माण की योजना की शुरुआत की जाएगी। कांडी उत्तरी जिला परिषद क्षेत्र संख्या 4 की सदस्य सुषमा कुमारी ने जिप बोर्ड की बैठक में इस संबंध में दर्जनों बार मांग की है। लेकिन इस बार जून महीने की बैठक में इस योजना को सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया। भास्कर न्यूज|गढ़वा भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह एक दिवसीय दौरे पर गढ़वा पहुंचे। संगठन पर्व को लेकर जिला कार्यालय जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान सदस्यता अभियान का समीक्षा और संगठन निर्माण को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। जिसमें फलदार व छायादार कईं पौधे लगाए गए। मौके पर मुख्य अतिथि भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन के रीढ़ है। कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां हर फैसला कार्यकर्ताओं की सहमति से तय होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनावी प्रक्रिया को लेकर मंडल से जिला तक के नेता कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। बहुत जल्द मंडल से लेकर जिला और प्रदेश स्तर पर संगठन का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संतोष दुबे व धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन तिवारी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, रघुराज पाण्डेय, ओमप्रकाश केशरी, उपाध्यक्ष विकास प्रितम, सुरज गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, ओमप्रकाश गुप्ता, अरविंद तुफानी, जिला उपाध्यक्ष मथुरा पासवान, मधुलता कुमारी, मीडिया प्रभारी रितेश चौबे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष रामशीष तिवारी, रितेश दुबे, विनोद तिवारी, कैलाश कश्यप, सुरेन्द्र राम, धनंजय गौड़, शुभम गुप्ता, मनोज जायसवाल, राजकुमार विश्वकर्मा, ओमप्रकाश दास, बलराम यादव, पवन कुमार, रामलला दुबे सहित अन्य कई नेता कार्यकर्ता मौजूद थे।


