जांजगीर| सड़क हादसों और ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने बुलेट चालकों पर सख्त कार्रवाई शुरू की है। 3 और 4 जुलाई को चलाए गए विशेष अभियान में 16 बुलेट चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनकी बाइकों से प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर हटवाए गए। अभियान के दौरान 173 अन्य वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। इनमें ट्रिपल सवारी, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट बाइक चलाना, बिना सीट बेल्ट कार चलाना, नो एंट्री में भारी वाहन ले जाना और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन शामिल है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने किया।


