भास्कर न्यूज | कवर्धा छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को विधायक कार्यालय पहुंचकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा। तीन जुलाई को जिला पंचायत और समग्र शिक्षा कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर द्वारा कर्मचारियों से कान पकड़वाने की घटना पर कड़ी आपत्ति जताई। एसोसिएशन ने इसे सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन और मानवाधिकारों का हनन बताया। ज्ञापन विधायक कार्यालय में मौजूद निज सहायक जागेश्वर साहू ने स्वीकार किया। जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रवंशी व पदाधिकारियों ने कहा कि कलेक्टर की इस हरकत से कर्मचारियों की गरिमा को ठेस पहुंची है। उनके परिवार और समाज में भी अपमान हुआ है। यह घटना जिले के दस हजार और प्रदेश के 5 लाख कर्मचारियों- अधिकारियों के मनोबल को गिराने वाली है। एसोसिएशन ने कहा कि यदि कोई कर्मचारी देर से कार्यालय पहुंचता है तो उसके लिए नियम के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। लेकिन इस तरह सार्वजनिक रूप से अपमान करना अनुचित है। उन्होंने मांग की कि कलेक्टर के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। एसोसिएशन ने कहा कि जिला पंचायत और समग्र शिक्षा कार्यालय के कर्मचारी कई बार देर रात तक काम करते हैं। शनिवार और रविवार को भी कार्यालय आकर काम निपटाते हैं। ऐसे में 3 जुलाई को बारिश के बीच 15-20 मिनट की देरी पर समझाइश देना था।


