मिली राहत: लगातार 12 घंटे हल्की बारिश होने से दाढ़ी क्षेत्र में धान रोपाई का काम हुआ शुरू

भास्कर न्यूज | दाढ़ी क्षेत्र में शनिवार दोपहर से हो रहे लगातार हल्की बारिश से धान रोपाई का काम तेजी से होने लगा है। बारिश के पानी में धान की रोपाई कर रहे हैं। किसान दिलीप चंद्राकर ने बताया कि चार-पांच दिन से अंचल में हल्की बारिश व बूंदाबांदी के कारण धान रोपाई का काम शुरू हो गया है। इस साल भी दाढ़ी अंचल के अधिकतर गांव के किसान कृत्रिम पद्धति पर धान फसल की खेती कर रहे हैं। किसान नाथूराम चंद्राकर ने बताया कि हल्की बारिश से ही धान फसल के पौधे में ग्रोथ शुरू हो जाता है। घनी बदली व बूंदाबांदी के बीच खेती किसानी के कार्य में लगे किसान को भी खेत की हरियाली से उत्साह दुगना हो जाता है। ग्राम अमचो निवासी किसान तारकेश्वर चंद्राकर ने बताया कि वे 12 एकड़ में धान का रोपा लगा रहे हैं। 5 दिन से रुक-रुक कर हुई बारिश से खेती किसानी के काम में तेजी आ गई है। ज्यादातर किसान धान फसल के खेती किसानी के कार्य में लगे हुए हैं। किसान सोहन साहू ने बताया कि बारिश थमने के बाद ही रबी फसल वाले खेतों में अरहर और मूंगफली की फसल बोनी का काम शुरू होगा। वर्तमान में हो रही हल्की बारिश से धान के पौधे के लिए फायदेमंद है। कृषि कार्यों में तेजी आई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *