सिटी रिपोर्टर | बोकारो चास प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष महावीर सिंह चौधरी ने बोकारो विधायक श्वेता सिंह के निर्देश पर ब्राह्मण द्वारिका पंचायत के हरिजन टोला का दौरा किया। यहां आवास के अभाव में समस्याग्रस्त ग्रामीणों से मिले। उन्होंने सभी ग्रामीणों को आवास योजना से संबंधित गाइडलाइन के विषय में समझाया और बताया कि किन वजहों से उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। चौधरी ने सभी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बोकारो विधायक श्वेता सिंह इस मामले को लेकर गंभीर हैं। पहले भी उन्होंने अधिकारियों से इस सम्बन्ध में वार्ता की है। बहुत जल्द त्रुटियों को सुधार करते हुए उन्हें आवास का लाभ मिलेगा। कुछ ग्रामीणों ने चौधरी से कहा कि ग्रामीण जनप्रतिनिधि हमें कहते हैं कि किसी कीमत में आवास नहीं मिलेगा। इस पर ग्रामीणों से अनुरोध करते हुए चौधरी ने कहा कि धैर्य रखें, किसी भी तरह के अफवाह से बचें, महागठबंधन सरकार पर भरोसा रखें। आपकी विधायक, आपके मुख्यमंत्री, आपकी बेहतरी के लिए ही कार्य कर रहे हैं और बहुत जल्द अड़चनों को दूर किया जाएगा।


