अमृतसर | शिरोमणि पंथ अकाली बुड्ढा दल पांचवें तख्त के प्रमुख सिंह साहिब जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह अकाली 96 करोड़ ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, भाई मती दास, भाई सती दास, भाई दयाला जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित समस्त निहंग सिंह संगठनों की तरफ से पूरे सिख वेश में गुरुद्वारा कीरतपुर साहिब से श्री आनंदपुर साहिब तक शहीदी खालसाई मार्च निकाला जाएगा। नवंबर में आयोजित होने वाले मार्च के लिए रुपरेखा तैयार की जा रही है। बाबा बलबीर सिंह ने खुलासा किया कि यह मार्च सिख भावना को अभिव्यक्त करेगा और इसमें एक विशेष ऐतिहासिक रूप होगा, जिसमें हाथी, घोड़े, ऊंट, पालकी, बग्गी, गाड़ियां और बग्घियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगी। बुड्ढा दल के सचिव दिलजीत सिंह बेदी ने जारी बयान में कहा कि आज के समय में पंथिक एकता और मजबूत सिख शक्ति की सख्त जरूरत है। सभी दलों को द्वैधता त्याग कर एकजुट होकर नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी और उनके साथी सिख भाई मती दास, भाई सती दास, भाई दयाला जी की शहीदी शताब्दी मनानी चाहिए।


