रांची सदर अस्पताल बनेगा रेडियोलॉजी हब, ऑनलाइन मिलेगी सेवा

रेडियोलॉजिस्ट एक्स-रे, सीटी स्कैन व एमआरआई की रिपोर्टों का करेंगे मूल्यांकन राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में सरकार राज्य के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी रेडियोलॉजी सेवाओं की समान और निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सदर अस्पताल रांची में एक केंद्रीय रेडियोलॉजी हब स्थापित करने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि हब के माध्यम से राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों को डिजिटल रूप से जोड़ा जाएगा। इस पहल का उद्देश्य दूरदराज और संसाधनविहीन क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को तत्काल, सटीक और डिजिटल रेडियोलॉजिकल रिपोर्टिंग की सुविधा देना है। हब में कार्यरत रेडियोलॉजिस्ट एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई की रिपोर्टों का मूल्यांकन कर संबंधित क्षेत्र और रोगियों को इमेज सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। रोगियों को त्वरित निदान देना है उद्देश्य अजय कुमार सिंह ने इसके मुख्य उद्देश्य के बारे में कहा कि इस परियोजना के माध्यम से टर्नअराउंड समय कम करके रोगियों को त्वरित निदान उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य सेवा में एआई आधारित इमेजिंग तकनीक को बढ़ावा देना, शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की विषमता को कम करना, स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना शामिल है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवा के अंतिम पड़ाव जैसे सीएचसी, एसडीएच और रेफरल अस्पतालों को केंद्रीय रेडियोलॉजी हब से जोड़ने से स्वास्थ्य क्षेत्र में निदान क्षमता बढ़ेगी। राज्य में रेडियोलॉजिस्टों की कमी से निपटने में मदद मिलेगी। साथ ही समय पर रेडियोलॉजी रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। इससे सटीक इलाज जल्द शुरू हो सकेगा। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के अनुसार, यह योजना दो चरणों में कार्यान्वित होगी। पहले चरण में राज्य के सभी सदर अस्पताल इस रेडियोलॉजी हब से जोड़े जाएंगे। इससे उन क्षेत्रों में जहां रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं हैं, वहां के मरीजों को समय पर रिपोर्ट मिल पाएगी और इलाज में देरी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि परियोजना पर 1.21 करोड़ का व्यय अनुमानित है, जिसे स्वीकृति दी जा चुकी है। हब के माध्यम से टेक्नीशियनों को उन्नत प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी तकनीकी प्रक्रियाएं बेहतर ढंग से संचालित कर सकें। यह हब 24×7 टेलीरेडियोलॉजी रिपोर्टिंग केंद्र के रूप में काम करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *