मौसम विभाग ने 10 जुलाई को पांच जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पलामू, चतरा, कोडरमा, लातेहार और हजारीबाग जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रांची में भी कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रांची जिले में 13 जुलाई तक बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री पर रहेगा। 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश जमशेदपुर में 82.6 एमएम हुई राज्य भर में 14 जुलाई तक बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश के साथ वज्रपात व तेज हवाएं चलने की संभावनाएं जताई है। बुधवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा था। रांची, गुमला, खूंटी और सरायकेला खरसावां में यलो अलर्ट की चेतावनी थी। पिछले 24 घंटों के दौरान जमशेदपुर में सबसे अधिक 82.6 एमएम, बहरागोड़ा में 60.2 एमएम, पूर्वी सिंहभूम में 59.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान सरायकेला का 31.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान लोहरदगा का 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। झारखंड में अबतक 453.5 एमएम हो चुकी है बारिश : मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में अबतक (एक जून से 9 जुलाई तक) 453.5 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि इस अवधि में झारखंड में सामान्य बारिश 274.9 एमएम ही होती है। राज्य में अबतक 65 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। रांची में अबतक 684 एमएम बारिश हो चुकी है। सिर्फ 5 जिले ऐसे हैं जहां सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। इनमें गढ़वा, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिले शामिल हैं। गढ़वा में अबतक 150.7 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है। देवघर में 180 एमएम बारिश हुई है जो सामान्य से 34 प्रतिशत कम है। गोड्डा में 74.2 एमएम बारिश हुई है जो सामान्य से 30 प्रतिशत कम है।


