फतेहाबाद के गांव अयालकी निवासी लोन कंपनी के कर्मचारी और उसकी पत्नी की पंजाब के पटियाला जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई। लोन कंपनी के कर्मचारी की बाइक को पंजाब रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। जिस समय यह घटना हुई, उस समय कर्मचारी अपनी ससुराल से वापस लौट रहा था। पत्नी, भाभी व बेटी के साथ गांव लौट रहा था गांव अयालकी के सरपंच महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव निवासी प्रीतम सिंह फतेहाबाद में ही एक लोन कंपनी में कार्यरत था। वह गुरुवार की शाम को पंजाब के पटियाला जिले के पातड़ा क्षेत्र के गांव गुजरां में अपनी ससुराल गया था। शुक्रवार की सुबह प्रीतम अपनी पत्नी अमनप्रीत कौर, भाभी नेहा और छह महीने की बेटी के साथ ससुराल से वापस अपने गांव अयालकी बाइक पर लौट रहा था। पातड़ा के मिनी बाइपास पर पंजाब रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चारों बाइक सहित सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में प्रीतम और उसकी पत्नी अमनप्रीत कौर की मौत हो गई, जबकि उसकी भाभी नेहा और छह महीने की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर गांव से परिजन पातड़ा पहुंचे। इसके बाद पोस्टमॉर्टम करवा कर डेडबॉडी गांव लाई गई। शाम को गांव में प्रीतम व उसकी पत्नी का अंतिम संस्कार किया गया। तीन भाईयों में मझला था प्रीतम सरपंच महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रीतम के पिता गुलाब राम का निधन हो चुका है। वे तीन भाई थे। इनमें बड़ा भाई बलविंदर सिंह है जबकि प्रीतम मझला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद सरपंच व परिवार के सदस्य पातड़ा गए।


