मोचपुरा बाजार में दुकानदारों का निगम टीम पर हमला, दो कर्मचारी हुए घायल

भास्कर न्यूज|लुधियाना मोचपुरा बाजार में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम टीम और दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि दुकानदारों ने सामान जब्त करने के विरोध में निगम कर्मचारियों पर हमला कर दिया। निगम की तहबाजारी शाखा ने मुकदमा दर्ज करने के लिए थाना पुलिस को शिकायत की है। वीरवार को नगर निगम की तहबाजारी शाखा की टीम इंस्पेक्टर विपिन हांडा के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने के लिए मोचपुरा बाजार गई थी। यहां टीम ने दुकान के बाहर रखे सामान को जब्त कर लिया और निगम के वाहन में डाल दिया। इससे दुकानदार नाराज हो गए और निगम की गाड़ी से सामान वापस निकाल लिया। निगम कर्मचारियों ने इसका विरोध किया जिस पर विवाद हो गया। निगम कर्मचारियों और दुकानदारों में कहासुनी हो गई। निगम कर्मचारियों ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की बात कही। आरोप है कि दुकानदारों ने स्टील पाइप से निगम कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हाथापाई होने पर हंगामा हो गया। पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कराने की कोशिश की, लेकिन बाजार में हंगामा देखकर लोग भी सहम गए। किसी तरह दोनों पक्षों को अलग अलग कराया गया। तहबाजारी इंस्पेक्टर विपन हांडा ने बताया कि निगम कर्मियों पर दुकानदारों ने हथियारों व स्टील्स के पाइप से हमला किया है। दो निगम कर्मी नील और संजू बुरी तरह घायल हुए हैं। घायल अवस्था में उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया है। थाना डिवीजन नंबर 3 में शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। दुकानदारों ने निगम कर्मियों पर हमला कर सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की है।मुकदमा दर्ज करवा दिया है। पुलिस कमिश्नर के पत्र पर कार्रवाई: तहबाजारी इंस्पेक्टर विपन हांडा ने कहा कि पुलिस कमिश्नर द्वारा निगम को पत्र लिखा गया है। इसमें कोहरे आदि के कारण सड़कों और बाजारों से अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। इसके तहत निगम के सभी जोन में कार्रवाई चल रही है। मोचपुरा बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए जब टीम गई तो कुछ लोगों ने सामान जब्त करते समय निगम की गाड़ी पर हमला कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *