चयन प्रक्रिया पूरी… स्वास्थ्य मंत्री ने की बैठक:126 डॉक्टरों को 22 जुलाई को मिलेगा नियुक्ति​ पत्र

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तहत राज्य में 126 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। साथ ही 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी 22 जुलाई को उक्त सभी 126 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी एवं 91 सीएचओ को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। उक्त नव चयनित 126 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी एवं 91 सीएचओ की नियुक्ति एवं पदस्थापन को लेकर शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में स्वास्थ्य मंत्री ने एक बैठक की। जिसमें सभी नव चयनित चिकित्सा पदाधिकारी एवं सीएचओ के पदस्थापन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 126 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी और 91 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। एनएचएम द्वारा सभी चयनित अधिकारियों के ऑफर लेटर तैयार कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई बार डॉक्टर दूर-दराज के क्षेत्रों में पोस्टिंग से बचते हैं, क्योंकि वेतन और सुरक्षा की चिंता रहती है। इस बार डॉक्टरों से उनकी इच्छानुसार स्थान चयन कराया गया है और उन्हें सम्मानजनक वेतन व पूरी सुरक्षा की गारंटी दी गई है। संताल परगना जैसे पिछड़े क्षेत्रों का विशेष ध्यान रखते हुए अधिक संख्या में डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी पर्याप्त विशेषज्ञों की बहाली की गई है। आने वाले दिनों में इसका असर सीधे जनता की सेहत पर दिखेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *