इस साल डिग्री कॉलेज से 11वीं पास करने वाले छात्र 12वीं में उसी कॉलेज में पढ़ सकेंगे। लेकिन जो 11वीं में फेल हो गए हैं, उन्हें इंटर कॉलेज में एडमिशन लेना होगा। राजभवन ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को यह जानकारी दी है। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह को पत्र भेजकर तीन बिंदुओं पर निर्देश दिया है। पत्र में कहा गया है कि नई शिक्षा नीति 2020 में डिग्री कॉलेजों में इंटर में नामांकन पर रोक लगा दी गई है। 11वीं में डिग्री कॉलेज में एडमिशन नहीं होगा। लेकिन जिन्होंने 11वीं पास कर ली है, वे इस साल उसी संस्थान से 12वीं की पढ़ाई करेंगे। राज्यपाल ने कुछ शर्तों के साथ इसकी अनुमति दी है। लेकिन किसी भी डिग्री कॉलेज में इस शैक्षणिक सत्र में 11वीं की पढ़ाई नहीं होगी। ऐसा होने पर संबंधित कॉलेज के प्रिंसिपल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि डिग्री कॉलेज में इंटरमीडिएट में एडमिशन को लेकर भारी विवाद चल रहा है। पहले कहा गया था कि इंटर के छात्रों को डिग्री कॉलेज छोड़ना होगा। उन्हें दूसरे कॉलेज में एडमिशन लेना होगा। इस पर स्टूडेंट्स असमंजस में थे कि बीच की पढ़ाई दूसरी जगह कैसे करेंगे।


