जनसेवा . लायंस क्लब ने प्राइमरी स्कूल सेवई कछार को लिया है गोद

भास्कर न्यूज | कवर्धा लायंस क्लब ने 11 जुलाई को ग्राम सेवई कछार की गोद लिए प्राथमिक स्कूल के 30 बच्चों को स्कूल बैग और मिठाई बांटी। क्लब के सदस्यों ने बच्चों के साथ न्योता भोज में शामिल होकर उन्हें भोजन भी परोसा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा से हुई। लायंस क्लब पिछले 8 वर्षों से नगर की एक प्रमुख प्राथमिक स्कूल सहित चार ग्रामीण स्कूलों को गोद में लेकर सेवा कर रहा है। इन स्कूलों में जरूरतमंद और अभावग्रस्त परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। क्लब समय-समय पर इन बच्चों को पठन सामग्री, मिठाई और अन्य जरूरी चीजें देता है। साथ ही बच्चों और उनके पालकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और अच्छे संस्कारों का संदेश भी दिया जाता है। इन 8 वर्षों में शालाओं के रख-रखाव में सुधार हुआ है। बच्चों और पालकों में स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ी है। इस गांव के स्कूलों को मॉडल का दर्जा मिले क्लब अध्यक्ष लायन प्रेमचंद श्रीश्रीमाल ने कहा कि इस ग्राम की शाला को मॉडल स्कूल का दर्जा मिलना चाहिए। महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य लायन बीएस चौहान ने स्कूल स्टाफ की सराहना की। बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी कई उपयोगी बातें बताईं। लायन नीरज मंजीत ने कहा कि क्लब ने सेवा कर्तव्य की भावना से इस स्कूल को गोद लिया है। शाला की प्रधान पाठिका श्वेता मिश्रा ने क्लब का आभार जताया। कार्यक्रम में सचिव हरीश गांधी, कोषाध्यक्ष रामेश्वर गुप्ता, लायन धनसुख पटेल, शेरसिंह पाली, अजय गुप्ता, बीपी शर्मा, राजकुमार गुप्ता और हरमीत सलूजा मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *